खेल डेस्क. पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद हफीज ने दावा करते हुए कहा है कि उन्हें राष्ट्रीय टीम में ऐसे साथियों के साथ भी खेलना पड़ा जो कि गलत कामों में लिप्त थे। ये बात उन्होंने टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के साथ उनके यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कही। हफीज के मुताबिक जब उन्होंने इस तरह के गलत कामों के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश की, तो उन्हें मुंह बंद रखते हुए चुपचाप खेलने के लिए कहा गया। हफीज ने पाकिस्तान का नाम बदनाम करने वाले खिलाड़ियों को दोबारा टीम में लेने का भी विरोध किया।
अख्तर से बातचीत के दौरान हफीज ने कहा, 'ये मेरा सिद्धांतिक फैसला था जो कि अब भी वही है कि जो कोई भी पाकिस्तान के लिए खेलता है और पाकिस्तान के सम्मान को बरकरार रखने में असमर्थ है, उसे फिर से कभी उस सम्मान (पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व) को महसूस करने का मौका नहीं मिलना चाहिए।'
आवाज उठाई तो चुप रहने के लिए कहा गया
हफीज ने बताया, 'वे खिलाड़ी भी मेरे भाइयों की तरह हैं और मैं उनके लिए भी दुआ करता हूं लेकिन उन्होंने जो भी किया मैं उसके खिलाफ था।' आगे उन्होंने कहा, 'मैंने इस बारे में अपनी ओर से आवाज भी उठाई लेकिन बदले में मुझसे कहा गया कि वे पाकिस्तान के लिए खेलेंगे और अगर तुम्हारी भी खेलने की इच्छा है तो तुम फैसला लो (तुम क्या चाहते हो) और मैं हैरान था।'
पाकिस्तान को कभी फायदा नहीं होगा
आगे उन्होंने कहा, 'इसलिए मैं घर गया और सलाह ली, क्योंकि मैं पाकिस्तान के लिए रखी अपनी सकारात्मक ऊर्जा को खोना नहीं चाहता था। मैंने उन्हीं सब खिलाड़ियों के साथ खेलना जारी रखा, हालांकि ये गलत था।' हफीज ने कहा 'मैं अब भी कहता हूं कि ये गलत है और इससे पाकिस्तान को कभी फायदा नहीं होगा। ऐसे किसी भी खिलाड़ी को टीम में वापस लाना पाकिस्तान के लिए कभी फलदायी साबित नहीं होगा।'
तीन पाकिस्तानी खिलाड़ियों को हुई थी सजा
अगस्त 2010 में पाकिस्तानी टीम के इंग्लैंड दौरे के वक्त स्पॉट फिक्सिंग विवाद सामने आया था। जिसमें तीन पाकिस्तानी खिलाड़ी सलमान बट, मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर लिप्त पाए गए थे। सितंबर 2010 में पहली बार निलंबन के बाद आईसीसी के एंटी करप्शन ट्रिब्यूनल ने साल 2011 में तीनों खिलाड़ियों को कम से कम 5 साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2rS3yfz
via IFTTT
No comments:
Post a Comment