खेल डेस्क. भारत ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश को एक पारी और 130 रन से हरा दिया। इस मैच में दोनों टीमों ने कुछ कैच गिराए। विकेट पर तीसरे दिन भी घास थी। इससे तेज गेंदबाजों को खासतौर पर मदद मिल रही थी। मोहम्मद शमी ने तो इसका भरपूर फायदा उठाया। दूसरी पारी में बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम जब 4 रन पर खेल रहे थे, तब स्लिप में रोहित शर्मा ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। रोहित खुद से इतना खफा थे कि लंच के दौरान जब बाकी खिलाड़ी आराम कर रहे थे, तब वो फील्डिंग कोच श्रीधर के साथ मैदान में स्लिप की कैच प्रैक्टिस कर रहे थे। बीसीसीआई टीवी ने इसका वीडियो अपनी वेबसाइट पर शेयर किया।
रहीम ने सर्वाधिक स्कोर बनाया
रोहित ने दूसरी पारी में मोहम्मद शमी की गेंद पर जब रहीम का कैच छोड़ा तब वो महज 4 रन पर थे। इसके बाद वो 64 के स्कोर पर आउट हुए। उन्हें अश्विन की गेंद पर चेतेश्वर पुजारा ने कैच किया। रहीम का कैच छोड़ने के बाद रोहित अपने आप से काफी नाराज दिखे। इसकी एक वजह यह भी थी कि रहीम ने दूसरी पारी में इस जीवनदान का फायदा उठाकर सबसे ज्यादा रन बनाए। इस कैच को छोड़ने के कुछ ही देर बाद लंच हो गया।
टीम लंच में व्यस्त और रोहित मैदान पर
लंच के दौरान दोनों टीमें पवैलियन में थीं। रोहित भी टीम के साथ गए। लेकिन, कुछ ही मिनट बाद वो फील्डिंग कोच के साथ मैदान पर लौटे। श्रीधर ने उन्हें स्लिप कैचिंग का काफी देर तक अभ्यास कराया। लंच के बाद जैसे ही खेल शुरू हुआ तो शमी की ही गेंद पर रोहित ने इस बार महमूदउल्लाह का बेहद कठिन कैच आसानी से लिया और उसी पोजिशन यानी दूसरी स्लिप पर। इसके बाद वो पवैलियन की तरफ इशारा करते भी दिखे। टेस्ट मैचों में भारत की तरफ से आमतौर पर विराट पहली, रोहित दूसरी और रहाणे तीसरी स्लिप में फील्डिंग करते हैं। हालांकि, मयंक अग्रवाल भी इस जगह के विशेषज्ञ क्षेत्ररक्षक माने जाते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2KtZAQv
via IFTTT
No comments:
Post a Comment