खेल डेस्क. आईपीएल के 13वें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी गुरुवार को कोलकाता में होगी। पहली बार नीलामी कोलकाता में होगी। इस दौरान 73 स्थानों के लिए 338 खिलाड़ियों की बोली लगेगी। नीलामी से एक दिन पहले तक खिलाड़ियों की कुल संख्या 332 थी। अब लिस्ट में भारत के विनय कुमार, अशोक डिंडा, रॉबिन बिष्ट और संजय यादव को शामिल किया गया। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू वेड और जैक वेदरलैंड का नाम जोड़ा गया।इस सीजन के लिए टीमों ने 35 विदेशी समेत 127 खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। किंग्स इलेवन पंजाब के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए सबसे 42.70 करोड़ रुपए हैं। वहीं, मौजूदा चैम्पियन मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम 13.05 करोड़ रुपए हैं।
मुंबई इंडियंस सबसे ज्यादा राशि खर्च करने के मामले में पहले स्थान पर है। उसने अब तक 71.95 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। इस मामले में 70.40 करोड़ रुपए के साथ चेन्नई दूसरे नंबर पर है। हैदराबाद (68 करोड़) के साथ तीसरे नंबर पर है। नीलामी में इस टीम के पासखर्च करने के लिए 17 करोड़ रुपए होंगे।
यशस्वी और प्रियम सहित 4 युवा भारतीयों पर नजर
| क्रिकेटर | टीम | प्रदर्शन |
| यशस्वी जायसवाल | मुंबई, भारत अंडर-19 | विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड के खिलाफ 203 रन बनाए थे |
| प्रियम गर्ग | उत्तर प्रदेश, भारत अंडर-19 | विजय हजारे ट्रॉफी में 10 मैच में 814 रन बनाए |
| आर साई किशोर | तमिलनाडु | सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में 12 मैच में 20 विकेट लिए |
| अभिमन्यु ईश्वरन | बंगाल | 19 घरेलू टी-20 में 33.64 की औसत से 471 रन बनाए |
नीलामी में पहली बार क्या?
- पहली बार नीलामी सुबह की जगह दोपहर 3:30 बजे से होगी।
- पहली बार अमेरिका और स्कॉटलैंड के खिलाड़ी नीलामी में शामिल होंगे।
- अमेरिका के अली खान और स्कॉटलैंड के जॉर्ज मुंसी पर बोली लग सकती है।
सबसे पहले बल्लेबाजों की बोली लगेगी
नीलामी के दिन फाइनल लिस्ट में शामिल 332 खिलाड़ियों को उनके रोल के हिसाब से बल्लेबाजों, गेंदबाजों, विकेटकीपर और ऑलराउंडर्स के अलग-अलग ग्रुप में रखा जाएगा। सबसे पहले बल्लेबाजों पर बोली लगेगी और नीलामीकर्ता खिलाड़ी का बेस प्राइस पुकारेगा। फिर फ्रेंचाइजी पैडल उठाकर बोली लगाना शुरू करेंगी। यह उस सूरत में बढ़ जाएगी जब एक से ज्यादा टीम खिलाड़ी पर बोली लगाएगी।
आखिर में जिस फ्रेंचाइजी ने सबसे बड़ी बोली लगाई होगी, खिलाड़ी उसका हो जाएगा। ऐसा खिलाड़ी ‘सोल्ड’श्रेणी में चला जाएगा और नीलामी खत्म होगी। खिलाड़ी उस सूरत में नहीं बिकेगा, जब किसी भी फ्रेंचाइजी ने उसके लिए बोली नहीं लगाई या नीलामीकर्ता को प्रक्रिया में किसी तरह गतिरोध लगता है।

बेंगलुरु के पास सबसे ज्यादा 12 जगह खाली
नीलामी के दौरान 4 टीमें ऐसी हैं, जो 10-10 खिलाड़ी खरीद सकती हैं। सबसे ज्यादा 12 खाली जगह बेंगलुरु के पास हैं। इसमें 6 विदेशी शामिल हैं। इसके बाद दिल्ली में 11 खिलाड़ियों की जगह खाली है। वह 5 विदेशियों को टीम में शामिल कर सकती है। कोलकाता (11), राजस्थान (11), पंजाब (9), हैदराबाद और मुंबई फ्रेंचाइजी में 7-7 जगह खाली हैं।
बेंगलुरु के पास सबसे 6 विदेशी खिलाड़ियों को खरीदने का मौका
| फ्रेंचाइजी | खाली स्लॉट | विदेशी खिलाड़ी |
| बेंगलुरु | 12 | 6 |
| दिल्ली | 11 | 5 |
| कोलकाता | 11 | 4 |
| पंजाब | 9 | 4 |
| मुंबई | 7 | 2 |
| हैदराबाद | 7 | 2 |
| चेन्नई | 5 | 2 |
उथप्पा सबसे ज्यादा बेस प्राइस पाने वाले भारतीय
2 करोड़ के टॉप बेस प्राइस में कोई भी भारतीय नहीं है। वहीं, 1.5 करोड़ के बेस प्राइस में रॉबिन उथप्पा इकलौते भारतीय हैं। 1 करोड़ की लिस्ट में पीयूष चावला, यूसुफ पठान और जयदेव उनादकट शामिल हैं। उनादकट पिछले सीजन में 8.4 करोड़ में बिके थे, तब उनका बेस प्राइस 1.5 करोड़ था।
नीलामी में 134 कैप्ड खिलाड़ियों की बोली लगेगी
| बेस प्राइस (रुपए में) | कुल खिलाड़ी | भारतीय | विदेशी |
| 2 करोड़ | 7 | 00 | 7 |
| 1.5 करोड़ | 10 | 1 | 9 |
| 1 करोड़ | 23 | 3 | 20 |
| 75 लाख | 16 | 00 | 16 |
| 50 लाख | 78 | 9 | 69 |
नीलामी में 198 अनकैप्ड खिलाड़ी भी शामिल
| बेस प्राइस (रुपए में) | कुल खिलाड़ी | भारतीय | विदेशी |
| 40 लाख | 7 | 1 | 6 |
| 30 लाख | 8 | 5 | 3 |
| 20 लाख | 183 | 167 | 16 |
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2sLbKhL
via IFTTT
No comments:
Post a Comment