लिस्बन. क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने करोड़ों प्रशंसकों की बदौलत फुटबॉल से ज्यादा कमाई इंस्टाग्राम पोस्ट से कर लेते हैं। उन्होंने पिछले सालभर में पेड इंस्टाग्राम पोस्ट से करीब 340 करोड़ रुपए की कमाई की है, जबकि जुवेंटस क्लब में उनका सालाना पैकेज 242 करोड़ रुपए का है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, रोनाल्डो को इंस्टाग्राम पर हरेक स्पॉन्सर्ड पोस्ट के लिए करीब 6.9 करोड़ रुपए मिले हैं। सोशल मीडिया से कमाई के मामले में रोनाल्डो के बाद लियोनल मेसी इस सूची में दूसरे नंबर पर हैं। स्पेनिश क्लब बार्सिलोना के खिलाड़ी मेसी ने 36 पोस्ट से करीब 165 करोड़ रुपए कमाए। क्रिकेट खिलाड़ी विराट कोहली एक साल में करीब 8.3 करोड़ रुपए की कमाई कर सूची में 11वें नंबर पर हैं।
इस सूची में दुनिया की कई सेलिब्रिटीज शामिल हैं। इनमें काइली जेनर, सेलेना गोमेज और प्रियंका चोपड़ा जैसी शख्सियत रोनाल्डो की इंस्टाग्राम से होने वाली कमाई से काफी पीछे हैं। सोशल मीडिया मैनजमेंट कंपनी हॉपर एचक्यू की रिपोर्ट के मुताबिक, रोनाल्डो इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले सेलिब्रिटी हैं।उनके 18.60 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
विराट कोहलीसूची में केवल जगह बनाने में सफल हुए
हॉपर एचक्यू की प्रतिनिधि निकोला क्रोनिन ने बताया कि रोनाल्डो की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कंपनियों को उन तक पहुंचने के लिए करीब 8 करोड़ रुपए का भुगतान करना पड़ रहा है। उधर, विराट कोहली ने पिछले महीने ही इंस्टाग्राम पर अपने फाॅलोअर्स की संख्या 10 करोड़ पार कर ली है। हालांकि, वे इस सूची में केवल जगह बनाने में सफल हुए हैं। रोनाल्डो और मेसी की तुलना में उनकी कमाई काफी कम है। इस सूची के टॉप 10 सेलिब्रिटी में 6 खिलाड़ी हैं। फेसबुक के स्वामित्व वाले इस फोटो-वीडियो शेयरिंग एप में अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वालाें में काइली जेनर और सेलेना गोमेज शामिल हैं। इसके बाद भारत की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा का नंबर आता है। इंस्टाग्राम पर उनके 5 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह एक पोस्ट के लिए तकरीबन 1.87 करोड़ रुपए चार्ज करती हैं और लिस्ट में 19वीं पायदान पर हैं।
यू-ट्यूब : श्रुति, तन्मय समेत कई सेलिब्रिटीज के करोड़ों व्यूअर्स
भारत में भी वीडियो शेयरिंग एप को लेकर दीवानगी बढ़ती जा रही है। यू-ट्यूब से कमाई करने वाली श्रुति आनंद यू-ट्यूब सेलिब्रिटी बन चुकी हैं। श्रुति यू-ट्यूब पर ब्यूटी टिप्स के वीडियो पोस्ट कर हर महीने 10 से 35 लाख रुपए तक कमाती हैं। वे मेकअप क्वीन के नाम से जानी जाती हैं। उनके करीब 6 करोड़ व्यूअर्स हैं। इनके अलावा तन्मय भट्ट और इंजीनियर कनन गिल अपनी काॅमेडी के जरिए करोड़ों व्यूअर्स बनाकर लाखों की कमाई कर रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Mu3Gti
via IFTTT

No comments:
Post a Comment