मुंबई. आरबीआई आज ब्याज दरों का ऐलान करेगा। विश्लेषकों को रेपो रेट में एक 0.20% से 0.50% तक कटौती की उम्मीद है। महंगाई दर आरबीआई के तय दायरे में है। ऐसे में अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए रेपो रेट घटाने के आसार हैं। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास इसके संकेत पहले ही दे चुके हैं। रेपो रेट घटने से सभी तरह के लोन सस्ते होंगे।
-
रेपो रेप वह दर है जिस पर बैंकों को आरबीआई से कर्ज मिलता है। इसमें कमी आने से बैंकों को सस्ता कर्ज मिलता है तो ग्राहकों को भी इसका फायदा मिलने की उम्मीद बढ़ जाती है। आरबीआई ने मौद्रिक नीति की पिछली चार समीक्षा बैठकों के बाद भी रेपो रेट घटाया था। अगस्त में अप्रत्याशित 0.35% कटौती की थी। मौजूदा दर 5.40% है।
-
कोटक महिंद्रा बैंक की प्रेसिडेंट (कंज्यूमर बैंकिंग), शांति एकमबरम का कहना है कि कच्चे तेल के भाव में अस्थिरता और सरकार द्वारा हाल ही में उठाए गए वित्तीय कदमों से मध्यम अवधि में महंगाई दर और वित्तीय घाटे पर असर पड़ेगा। फिर भी उम्मीद है कि मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी रेपो रेट में 0.20% से 0.25% तक कटौती करेगी।
-
बैंक ऑफ अमेरिका मैरिल लिंच की एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछली बार की तरह इस बार भी 0.35% की अप्रत्याशित कटौती भी की जा सकती है। नेशनल रिएल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (नरेडको) के प्रेसिडेंट निरंजन हीरानंदानी ने रेपो रेट में 0.50% कमी की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि रेपो रेट घटने से ना सिर्फ ब्याज दरें कम होंगी बल्कि निवेश और खपत में भी इजाफा होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2AIPw0E
via IFTTT
No comments:
Post a Comment