खेल डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने कहा है कि अगर टीम के पास टेस्ट जिताने की क्षमता रखने वाले खिलाड़ी नहीं हैं, तो उसे ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना ही नहीं चाहिए। इस पूर्व ओपनर ने कहा- आखिर हम कब तक इस टीम का बचाव करते रहेंगे। रमीज का बयान ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद आया। ये टीम टी20 सीरीज 2-0 से हारी। इसके बाद दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भी उसका सूपड़ा साफ होता नजर आ रहा है।
दोनों टीमों की तुलना संभव नहीं
ब्रिसबेन में खेले गए पहले टेस्ट में पाकिस्तान को पारी और पांच रन से शिकस्त मिली। दूसरे टेस्ट में डेविड वॉर्नर ने तिहरा शतक लगा। यह इस सीरीज में उनका लगातार दूसरा शतक है। मॉर्नस लबुशाने ने भी शतक लगाया। दूसरे टेस्ट में भी पाकिस्तान पारी की हार के कगार पर है। इस बीच, रमीज ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया। इसमें कहा, “सच कहूं तो मेरा दिल अब इस टीम से टूट चुका है। आखिर कब तक आप हार पर बहानेबाजी करते रहेंगे। अवाम उम्मीद करता है कि आप मैदान पर कम से कम जोर लगाते तो दिखेंगे। लेकिन, जीत तो दूर हम संघर्ष भी नहीं दिखा सके। दोनों टीमों की किसी भी मामले में कोई तुलना ही नहीं की जा सकती। हम बहुत पीछे हैं।”
तो ऑस्ट्रेलिया जाया ही मत करो
पाकिस्तान टीम के खराब प्रदर्शन से बेहद खफा राजा ने अजीब और कटु सलाह दी। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान की यह प्रतिष्ठा रही है कि उसने पूर्व में अच्छे खिलाड़ी दिए। ये ऑस्ट्रेलिया में बेहतरीन खेले। ऑस्ट्रेलियाई फैन्स भी इस टीम से खुश नहीं हैं। उन्हें भी लगता है कि पाकिस्तान ने कोई संघर्ष नहीं दिखाया। अगर पाकिस्तान टीम के पास ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो ऑस्ट्रेलिया में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं तो फिर हमें इस तरह का दौरा करना ही नहीं चाहिए। शाहीन शाह अफरीदी और बाबर आजम को छोड़ दें तो बाकी टीम किसी काम की नजर नहीं आई।”

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33Be3kl
via IFTTT
No comments:
Post a Comment